एक प्रार्थना हम सब के लिये
--------------------------------
- योगेश शर्मा
--------------------------------
नव वर्ष ये मंगल मय हो
हर वर्ष ही मंगल मय हो
आनंदमय, समृधिमय,
आयुष्मय, ज्योतिमय हो
सफल तुम्हारे काज हों सारे
कभी न कोई भय हो
क्लेश चूर्ण हों, कर्म पूर्ण हों
विकार न कोई आये
सकल लाभ हो, धन्य भाग हो
अवगुण चित ना धाये
रंग, दीप, संगीत, सुगंध से,
दमके महके जीवन
भक्ति, सत्य, प्रेम वर्षा से
घर आँगन हो पावन
शिखर नये आरोहित हों,
दर्प, दंभ अवरोहित
हर क्षण में तुम और अधिक हो
नव तेजित नव यौवित
यश हर क्षण में और बढ़े
हर पल ही उत्सव हो
जहां भी जाओ सुख बरसाओ
हर ओर तुम्हारी जय हो
नव वर्ष ये मंगल मय हो
हर वर्ष ही मंगल मय हो
सफल तुम्हारे काज हों सारे
कभी न कोई भय हो
